नई पीढ़ी को सिंधी भाषा और संस्कृति से जोड़ने की पहल, बालोतरा में आज से शुरू होंगी SLCC की कक्षाएं

9 शिक्षा मित्र देंगे प्रशिक्षण, बालोतरा और उदयपुर में 228 विद्यार्थियों को सिंधी भाषा सिखाने का लक्ष्य

बालोतरा। नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा सिंधी, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के उद्देश्य से सिंधी लैंग्वेज लर्निंग कोर्स (SLCC) की कक्षाएं 15 अक्टूबर से शुरू होंगी। राष्ट्रीय सिंधी भाषा विकास परिषद, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में सिंधी पंचायत संस्था (रजि.) बालोतरा की ओर से इस योजना का संचालन किया जाएगा। इसके तहत बालोतरा एवं उदयपुर में कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इन कक्षाओं के माध्यम से कुल 228 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

100 घंटे का होगा अध्ययनक्रम

इस पाठ्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को सिंधी भाषा के साथ-साथ सिंधी साहित्य, संस्कृति और पारंपरिक विरासत की जानकारी भी दी जाएगी। इसके लिए 100 घंटे का अध्ययनक्रम निर्धारित किया गया है। कक्षाएं सप्ताह में पांच दिन प्रतिदिन दो घंटे संचालित होंगी। दिसंबर तक पाठ्यक्रम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने के लिए 9 शिक्षा मित्र अपनी सेवाएं देंगे।

228 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य

सिंधी पंचायत संस्था बालोतरा के अध्यक्ष टीकमदास खियानी ने बताया कि इस योजना के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाषा किसी भी समाज की पहचान और संस्कृति का महत्वपूर्ण आधार होती है। ऐसे में सिंधी भाषा के अध्ययन से विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत, साहित्य और परंपराओं को समझने का अवसर मिलेगा।

विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए किया था संपर्क

बालोतरा एवं उदयपुर में संचालित होने वाली इन कक्षाओं में अधिकाधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय स्तर पर टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें शहर में संपर्क कर विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से जुड़ने के लिए प्रेरित किया,ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इस पहल का लाभ उठा सकेंl

नियमित निगरानी के लिए गठित किया समन्वयक मंडल

कक्षाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने, नियमित निगरानी रखने और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए समन्वयक मंडल का गठन किया गया है। इसमें बाबूलाल सुखनानी, प्रकाश सोनी,ओमप्रकाश असुदानी, अजय चंदानी, सुनील रामनानी, प्रकाश मनवानी सहित अन्य सदस्य शामिल हैं।
इस पहल से बालोतरा एवं उदयपुर में सिंधी भाषा के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा मिलने के साथ ही युवा पीढ़ी को अपनी मातृभाषा, सांस्कृतिक मूल्यों और परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की उम्मीद है।