बालोतरा। फादर्स डे के अवसर पर सिन्धी पंचायत संस्था बालोतरा द्वारा रविवार देर शाम शहर के सिन्धु पैलेस में "प्यारे पापा" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठजनों का सम्मान कर उनके प्रति आदर, सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान झूलेलाल जी की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात समाज के वरिष्ठजनों को मंच पर विराजित कर शॉल ओढ़ाकर, मोमेंटो एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनका मुंह मीठा करवाकर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सर्वप्रथम समाज के संरक्षक श्री वासुदेव बसरानी ने पिता के महत्व, उनके त्याग, संघर्ष एवं परिवार निर्माण में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पिता का स्नेह, मार्गदर्शन और संस्कार ही परिवार की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं।
इसके पश्चात श्री प्रतापमल लालवानी ने "प्यारे पापा" विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पिता परिवार के आधार स्तंभ होते हैं। उनके जीवन अनुभव, अनुशासन और संस्कार नई पीढ़ी को सही दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने समाज में बुजुर्गों के सम्मान की परंपरा को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सम्मानित वरिष्ठजनों के जीवन अनुभवों एवं समाज के प्रति उनके योगदान को भी स्मरण किया गया। उपस्थित समाजबंधुओं ने उनका आशीर्वाद प्राप्त कर सम्मान व्यक्त किया।
अंत में समाज के अध्यक्ष श्री टीकमदास खियानी ने सभी अतिथियों, सम्मानित वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के बुजुर्ग हमारे मार्गदर्शक हैं और उनका सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में महिला मंडल, युवा मंडल एवं समाज के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। आयोजन का समापन भोजन प्रसादी के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान आत्मीय, भावनात्मक एवं पारिवारिक वातावरण बना रहा तथा उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में पारिवारिक मूल्यों और वरिष्ठजनों के सम्मान को बढ़ावा देने वाला प्रेरणादायी आयोजन बताया।